Jharkhand News: सौतेली मां के साथ मिलकर पिता ने की अपने बेटे की हत्या, शव को बोरे में डाल लगाया ठिकाने; ऐसे हुआ खुलासा

झारखंड के चाईबासा में एक बच्चे की हत्या उसके पिता और सौतली मां ने कर दी। बच्चे की उम्र सात साल थी। बताया जा रहा कि डुंगरीडीह टोला में 7 वर्षीय शंकर अपने पिता और सौतेली मां के साथ रहता था। इसी बीच उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यही नहीं दोनों आरोपियों ने मिलकर शव को ठिकाने भी लगा दिया। दोनों ने शव को बोरे में भरकर फेंक दिया। लेकिन जल्दी ही मामले का खुलासा हो गया। यह मामला पोटका थाना इलाके के कालीकापुर पंचायत स्थित मतकमडीह गांव का है।

मामला सामने आने के बाद तुरंत ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं और बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जाता है कि हत्या के आरोपी पिता मार्शल सुरेन की पहली पत्नी उसे और बेटे शंकर को छोड़कर दो साल पहले ही कहीं भाग गई थी। करीब दो महीने पहले ही मार्शल ने करमी सुरेन से दूसरी शादी की थी। ऐसा कहा जा रहा कि दूसरी पत्नी का बेटे शंकर के साथ बर्ताव अच्छा नहीं था। ऐसे में अकसर घर में तनाव होता रहता था।

ऐसे हुआ खुलासा

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब कुछ स्थानीय युवक बैल चरा रहे थे, तो उन्हें बोरा नजर आया। जिसमें से दुर्गन्ध आ रही थी। इन लोगों ने तुरंत ही ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को इसके बारे में बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बोरा खोला तो उसमें से एक बच्चे का शव मिला। जिसकी पहचान शंकर सुरेन के रूप में की गई। पुलिस के कड़ाई से पूछताछ के बाद पति-पत्नी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 12 मार्च की है।