झारखंड: वैक्सीन की दोनों डोज लेने के बावजूद राज्य में 127 पुलिसवाले हुए संक्रमित

झारखंड में कोरोना संक्रमण रोकने में फ्रंट लाइनर की भूमिका निभाने वाले पुलिस जवान व अधिकारी फिर से संक्रमित होने लगे हैं। जबकि, ये लोग वैक्सीन का दोनों डोज ले चुके हैं। साढ़े चार माह बाद फिर खतरे को देखते हुए जगन्नाथपुर के विस्थापित कॉलोनी कुट्टे में अस्थाई आइसोलेशन सेंटर शुरू कर दिया गया है। पिछले साल भी बड़ी संख्या में पुलिसवाले संक्रमित हुए थे, तब इस सेंटर को शुरू किया गया था। गत वर्ष नवंबर में इस आइसोलेशन सेंटर को बंद कर दिया गया था। राज्यभर में अभी 127 पुलिसकर्मी व अधिकारी संक्रमित हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या स्पेशल ब्रांच वालों की है। हाल ही में 2 पुलिसकर्मियों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है।

झारखंड में पिछले 24 घंटे में 4 हजार 290 नए पॉजिटिव मरीज की पहचान की गई। इनमें से रांची से 1,404 लोग शामिल हैं। वहीं, 46 लोगों की जान गई। इनमें 14 मृतक रांची के हैं। जबकि धनबाद, कोडरमा और लोहरदगा के 3-3 मृतक हैं। पूर्वी सिंहभूम में 10 मरीजों की मौत हुई। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या हर दिन की तरह कम रही। अब पूरे राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 28,010 हो गई है।

झारखंड में अब तक 1 लाख 62 हजार 945 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 1 लाख 33 हजार 479 ठीक हो चुके हैं। इधर, सोमवार को बोकारो 188, चतरा 32, देवघर 112, धनबाद 149, दुमका 36, पूर्वी सिंहभूम 639, गढ़वा 66, गिरिडीह 53, गोड्डा 91, गुमला 85, हजारीबाग 237, जामताड़ा 49, खूंटी 103, कोडरमा 230, लातेहार 90, लोहरदगा 35, पाकुड़ 17, पलामू 94, रामगढ़ 145 और रांची में 1404 नए मरीज मिले।