झारखंडः हाजरा अस्पताल में लगी भीषण आग, डॉक्टर दंपती समेत 6 जिंदा जले

झारखंड के धनबाद में शुक्रवार रात 1 बजे बैंकमोड़ के हाजरा हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो डॉक्टर सहित छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में डॉक्टर विकास हाजरा (Vikas Hazra) और डॉक्टर प्रेमा हाजरा (Prema Hazra) भी शामिल हैं। दोनों पति-पत्नी थे। डॉक्टर का शव बाथटब से मिला है। ऐसा कहा जा रहा है कि खुद को बचाने के लिए वे पानी के टब में बैठ गए थे। यहीं उनकी लाश मिली। अस्पताल में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची।

आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। लेकिन शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि आग स्टोर रूम से शुरू हुई होगी। आग लगने के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। डॉक्टर हाजरा खिड़की से खुद को बचाने की गुहार लगा रहे हैं। नीचे फायरकर्मी और लोग उनसे कह रहे हैं कि चिंता मत कीजिए डॉक्टर साहब..हम आ रहे हैं हम सीढ़ी से आपके पास आ रहे हैं।

डॉक्टर परिवार समेत क्लीनिक के फर्स्ट फ्लोर पर रहते थे। हादसे में डॉक्टर दंपती, उनकी नौकरानी, डॉक्टर हाजरा के भांजे समेत 6 की दम घुटने से मौत हो गई। सभी शव अलग-अलग कमरों से बरामद हुए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से प्रसिद्ध डॉक्टर दंपती डॉ विकास और डॉ प्रेमा हाजरा समेत कुल 6 लोगों की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।