शोपियां: गैस हीटर ऑन करके सोया था परिवार, सुबह मिले बेहोश

शोपियां जिले के कीगाम इलाके में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोग बेहोश पाए गए। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की अधिक जानकारी देते हुए अधिकारी ने कहा, शोपियां जिले के कीगाम इलाके में नुसीपोरा ऑडोरा में अपने घर में चार सदस्य बेहोश पाए गए। फिलहाल सभी लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और अब उनकी हालत स्थिर है। शुरुआत में उनकी हालत गंभीर थी। पुलिस ने बताया कि रात में सोते समय गैस हीटर ऑन था जिसकी वजह से वह लोग बेहोश हुए।

आपको बता दें कि घाटी में लगातार बर्फबारी जारी है। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। बर्फबारी ने लोगों की मुसीबतें भी काफी बढ़ा दी हैं। स्थानीय पुलिस ने लोगों को मदद पहुंचाने के लिए खास प्लान तैयार किया है।