जम्मू कश्मीर: शोपियां में महिला SPO को आतंकियों ने मारी गोली, मौत

शनिवार दोपहर को जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एक महिला विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) खुशबू जान को आतंकियों ने गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक बंदूकधाकरियों ने दोपहर दो बजकर 40 मिनट पर इस वारदात को अंजाम दिया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने महिला अधिकारी को उनके घर पर ही गोली मारी है। उधर, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। गोलीबारी की इस घटना से शोपियां में दहशत का माहौल है। पुलिस ने केस रजिस्टर्ड करके जांच जारी कर दी है।
बता दें कि इससे पहले बीते गुरुवार को पुलवामा जिले में आतंकियों ने 40 वर्षीय एक व्यक्ति को जबरन उसके घर से ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं बुधवार को पुलवामा जिले में ही आतंकियों ने सेना के एक पूर्व जवान की गोली मारकर हत्या कर दी थी।