उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार रात झांसी बॉर्डर पर लगभग 5 हजार से अधिक कामगार मजदूरों ने सड़क पर हंगामा किया और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम को तोड़ते हुए रोड पर जाम की स्थिति पैदा कर दी। दरअसल, शनिवार की रात ट्रक, पिकअप व लोडर में सवार लोगों को देखकर पुलिस ने वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सैकड़ों गाड़ियां आ गईं, जिनमें से करीब पांच हजार लोगों को उतारा गया। इसके बाद मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया और रोड जाम कर दिया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान नहीं रखा गया। देर रात जालौन के एएसपी और झांसी सिटी एसपी ने कई थानों की फोर्स बुलाकर स्थिति को संभाला। सभी कामगारों को रोककर उनका नाम-पता लेते हुए शासन से अनुमति मिलने के बाद उन्हें रवाना किया। ये मजदूर महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश से आ रहे थे। इस घटना के बाद झांसी-जालौन बॉर्डर को सील करते हुए 24 घंटे पुलिस टीम की ड्यूटी लगाई गई है।
बता दें कि ये सभी गुजरात, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में काम करने वाले हैं और घरों को लौट रहे थे। उनका कहना था कि कई प्रांतों व शहरों को पार करके यहां तक पहुंचे हैं, अब आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि, वह कई दिनों से भूखे हैं और उनके खाने पीने की कोई व्यवस्था नहीं है। अब वह यहां पर रोक लिए गए हैं।