राजस्थान : 13,553 सैंपल की जांच में मिले सिर्फ दो संक्रमित, अगस्त पहला ऐसा महीना जिसमें कोई मौत नही

मंगलवार का दिन राजस्थान के लिए सुकून भरी खबर लेकर आया जिसमें 13,553 सैंपल की जांच में दो नए संक्रमित मिले हैं। यह अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 26 अगस्त को राज्य में सबसे कम 3 केस आए थे। बीकानेर और जोधपुर को छोड़कर किसी भी जिले में एक भी केस नहीं मिला है। राजधानी जयपुर में आज एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। 17 महीने में पहली बार ऐसा हुआ है। अगस्त पहला ऐसा महीना है, जिसमें कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई।
राजस्थान में कोरोना के एक्टिव केस 100 से नीचे चले गए हैं। मंगलवार को कुल 14 मरीज रिकवर हुए, जिसके बाद एक्टिव केस कम होकर 97 हो गए। मध्य प्रदेश (MP) के बाद राजस्थान देश का दूसरा ऐसा राज्य है, जहां एक्टिव केस की संख्या 100 से नीचे पहुंच गई है। टोंक, सिरोही, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, पाली, नागौर, कोटा, करौली, झुंझुनूं, जालौर, जैसलमेर, डूंगरपुर, धौलपुर, दौसा, चितौड़गढ़, बूंदी और बांसवाड़ा ऐसे जिले हैं, जहां कोरोना का मौजूदा समय में एक भी केस नहीं है। वहीं जयपुर 45 और अलवर 10 को छोड़ दें तो शेष जिलों में कोरोना के एक से लेकर 8 तक पॉजिटिव केस हैं।