जयपुर : 3 फीट जमीन का विवाद, चाकू घोंपकर महिला की हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

जयपुर के जवाहर नगर की कच्ची बस्ती में शनिवार को एक युवक ने 50 साल की महिला की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। मृतक महिला आरोपी के पड़ोस में ही रहती थी। आरोपी और मृतक महिला पड़ोस में रहते हैं। दोनों के बीच 3 फीट जमीन के लिए विवाद हुआ था। मारपीट भी हुई। इसमें मृतक के बेटे और बेटी को भी चोट आई। जिन्हें इलाज के बाद हॉस्पिटल से डिसचार्ज कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना कच्ची बस्ती के टीला नंबर 5 की है। यहां रहने वाली दुर्गा देवी (50) मकान का निर्माण करवा रही थी। मकान के पास की 2-3 फीट जमीन को लेकर महिला और उसके पड़ोस में रहने वाले युवक कमल दरोगा का लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज मकान में सीढ़ियां बनाने का काम चल रह था। इसी बात पर दोनों के बीच कहा सुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

इसमें दुर्गा देवी, उसके बेटे मुकेश नायक (28), पुत्री मीनू (22) और आरोपी कमल को भी चोट आई। तभी कमल अपने घर गया और सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। इसके बाद उसने दुर्गा देवी के चेहरे और सीने में चाकू घोंप दिया। इससे दुर्गा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, बचाने आए बेटा और बेटी के हाथों पर भी चाकू से घाव हो गए।

पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमल खुद जवाहर नगर थाने पहुंच गया। प्रारम्भिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसी विवाद को लेकर उसका और महिला का कई बार झगड़ा भी हो चुका है। आज जब विवाद ज्यादा बढ़ गया तो उसने चाकू से वार कर उसे मार दिया। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से SMS हॉस्पिटल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दाेनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्‌टी दे दी।