करीब 2 महीने बाद आज से जयपुर-दिल्ली के बीच शुरू हुआ लग्जरी बसों का सफर, पूरा टाइम टेबल

आज से अब आप जयपुर-दिल्ली रूट पर आरामदायक और लग्जरी सफर कर सकते हैं। राजस्थान रोडवेज ने जयपुर-दिल्ली के बीच सुपर लग्जरी बसों का संचालन एक बार फिर से शुरू कर दिया है। इनमें से 6 जयपुर से दिल्ली जाएंगी और 6 दिल्ली से जयपुर आएंगी। जयपुर-दिल्ली रूट पर रोडवेज ने 700 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। इस रूट पर पूर्व में किराये में दी जा रही छूट बरकरार रहेगी। राजस्थान रोडवेज की सुपर लग्जरी बस सेवा 10 मई, 2021 से लॉकडाउन के कारण बंद की गई थी।

रोडवेज सीएमडी राजेश्वर सिंह ने बताया कि आमजनों की मांग व सुविधा को देखते हुए जयपुर-दिल्ली मार्ग पर सुपर लग्जरी बस सेवा शुरू की गई है। सुपर लग्जरी बस सेवा जयपुर से दिल्ली के लिए सुबह 5 बजे, 8 बजे, 11 बजे, दोपहर 1 बजे, 3 बजे और शाम को 5 बजे रहेगी। इसी तरह से दिल्ली से जयपुर के लिए सुबह 6 बजे, 8 बजे, 10 बजे, दोपहर में 1 बजे, 4 बजे और रात 11:15 बजे उपलब्ध रहेगी।
जयपुर-दिल्ली रूट पर रोडवेज बसों का किराया ज्यादा था। लेकिन पिछले साल रोडवेज ने इसे कम करके 700 रुपए कर दिया था।

रोडवेज सीएमडी ने बताया कि अभी भी जयपुर से दिल्ली मार्ग पर किराये मे दी गई छूट जारी रहेगी। वहीं इसमें भी महिला एवं वरिष्ठ नागरिक को नियमानुसार दी जाने वाली छूट भी मिलेगी।

करना होगा कोरोना प्रोटोकॉल का पालन

रोडवेज में सफर के दौरान यात्रियों को कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा पालन करना होगा। बिना मास्क के कोई यात्री यात्रा नहीं कर पाएगा। बस स्टाफ को इस बारे में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे यात्रियों से कोरोना नियमों की पालना करवाए। पूरे कोरोना काल में रोडवेज ने स्वच्छता के साथ सफर किया है। रोडवेज का सुपर लग्जरी सेग्मेंट शुरू हो जाने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।