कोरोना : लॉक डाउन होने वाला देश का पहला राज्य बना राजस्थान, 31 मार्च तक बंद

कोरोना की रोकथाम के लिए गहलोत सरकार का अब तक का सबसे बड़ा फैसला लिया है। 31 मार्च तक के लिए राजस्थान में जरूरी चीजों को छोड़कर सब कुछ बंद करने का आदेश दिया गया है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर संपूर्ण राजस्थान 31 मार्च तक बंद। जानकारी के मुताबिक सभी बाजार और अन्य प्रतिष्ठानों के साथ ही सरकारी दफ्तर भी बंद होंगे। रोडवेज समेत सार्वजनिक परिवहन के सभी वाहन भी बंद रहेंगे। राजस्थान की सीमाएं सील की जाएंगी। शनिवार रात को सीएम अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया है। रात 9 बजे इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई। कोराना वायरस को लेकर लॉक डाउन होने वाला देश का पहला राज्य है।

राजस्थान में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार को ही प्रदेश में आधा दर्जन नए पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इन केस समेत राजस्थान में पॉजिटिव पीड़ितों की संख्या 23 हो चुकी है। शनिवार को सामने आए पॉजिटिव केस में 5 भीलवाड़ा में और 1 जयपुर से है। राजस्थान में पॉजिटिव पाए गए 3 मरीजों को ठीक किया जा चुका है। प्रदेश में अब तक 658 सैंपल जांच के लिए आये हैं। इनमें से 593 सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव है। जबकि 42 सैंपल अभी अंडर प्रोसेस हैं।