जय श्री राम विवाद : ममता बनर्जी की तुलना सांड से करते हुए BJP सांसद ने कही यह बात

'जय श्री राम' के नारे पर पश्चिम बंगाल की सियासत गरमाती जा रही है। ईद के मौके पर कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धर्म और उसके महत्व की सीख दी। ममता ने कहा, ''त्याग का नाम है हिंदू, ईमान का नाम है मुसलमान, प्यार का नाम है ईसाई, सिखों का नाम है बलिदान। यह है हमारा प्यारा हिंदुस्तान। डरने की जरूरत नहीं है। मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूर-ए-खुदा होता है। जो हमसे टकराएगा वह चूर-चूर हो जाएगा। यह हमारा नारा है। वहीं अब उत्तराखंड की नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी एमपी अजय भट्ट ने ममता बनर्जी की तुलना सांड से कर दी है। भट्ट का कहना है कि 'जय श्री राम' का नारा लगाने पर ममता सांड की तरह गुस्सा हो जाती हैं।

अजय भट्ट ने कहा, 'उनके रास्ते में 'जय श्री राम' का नारा लगाने पर ममता ऐसे गुस्सा होती हैं जैसे सांड लाल कपड़ा देखकर उत्तेजित होता है।'

भट्ट ने कहा, 'बंगाल में लोगों ने ममता दीदी को 'जय श्री राम' के नारे से हिलाकर रखा है। मुझे नहीं पता की राम का नाम सुनने से उनको क्या हो जाता है। जब कोई 'जय श्री राम' कहता है तो उनका गुस्सा ऐसा हो जाता है जैसे सांड को लाल कपड़ा दिखाने के बाद सांड उत्तेजित हो जाता है।'

उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को धैर्य रखना चाहिए। लोकतंत्र में हर किसी को नारे लगाने का अधिकार है। मैंने एक वीडियो देखा, जिसमें जब लोगों ने 'जय श्री राम' के जयकारे लगाए तो उन्होंने ऐसा बर्ताव किया जैसे किसी ने मधुमक्खी को छुआ हो। कुछ लोग 'हेलो' कहने की बजाय 'जय श्री राम' कहते हैं। इससे क्या परेशानी है।'

‘भाजपा वाले जय श्रीराम से जय महाकाली पर आ गए’

मंगलवार को डायमंड हार्बर से तृणमूल के सांसद और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में अब भाजपा ने जय श्रीराम की जगह अब जय महाकाली बोलना शुरू कर दिया है। लगता है टीवी की रेटिंग की तरह जय श्रीराम की टीआरपी भी कम हो गई है। भाजपा के लोग राजनीति में धर्म को मिला रहे हैं।

इससे पहले ममता बनर्जी ने ईद की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा, ''ईद उल फितर के अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म निजी विश्वास का विषय हो सकता है लेकिन त्योहार सभी के हैं। आइए इस एकता की भावना को बनाए रखें और शांति-सद्भाव के साथ रहें।''