ईरान-अमेरिका के बीच तनाव, 90 रुपए लीटर तक पहुंच सकते है भारत में पेट्रोल के दाम!

अमेरिका के हवाई हमले में ईरान के फौजी जनरल कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में 4.5% की बढ़ोतरी आई है। कच्चे तेल की कीमत 69.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। इसके साथ ही रुपया भी 42 पैसे गिरकर डेढ़ महीने के निचले स्तर 71.80 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल के दाम बढ़ने और रुपए के गिरने के बाद भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में भी इजाफा हो सकता है। अगर ईरान अमेरिका पर जवाबी हमला करता है तो इस तिमाही में कच्चे तेल की कीमत 75 से 78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है। इससे रुपया डॉलर के मुकाबले 75 तक फिसल सकता है। ऐसा होता है तो पेट्रोल के दाम एक बार फिर 90 रुपए प्रति लीटर पहुंच सकते हैं।

देश प्रमुख चार शहरों में फिलहाल पेट्रोल के दाम 75 से 81 रुपए प्रति लीटर के बीच हैं। दिल्ली में पेट्रोल 75.35 और मुंबई में 80.94 प्रति लीटर है। भोपाल में यह 83 रुपए के ऊपर है। अगर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा और तेल की सप्लाई कम हुई तो जनवरी से मार्च के बीच कच्चे तेल की कीमत 78 डॉलर तक पहुंच सकती है। कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से रुपए में गिरावट आएगी। इन दोनों वजहों से पेट्रोल के दाम 10 से 12 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। डीजल में भी 10 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है।