इंदौर स्वर्णबाग अग्निकांड: सिरफिरा आशिक गिरफ्तार, एकतरफा प्यार की 'आग' ने ले ली 7 की जान

इंदौर स्वर्णबाग अग्निकांड में आरोपी संजय उर्फ शुभम दीक्षित को विजय नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे लोहा मंडी से गिरफ्तार किया। आग लगाकर 7 लागों की जान लेने वाले आरोपी ने ये कांड एकतरफा प्यार में किया था। झांसी का रहने वाला शुभम इस अग्निकांड के बाद भागने की फिराक में था। पुलिस को देख पहले तो वह छुपा और फिर दौड़ लगा दी। पुलिस ने भी आरोपी का पीछा किया। इस दौरान आरोपी गिर गया और घायल हो गया। पुलिस ने फिर चौतरफा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

बता दें, इंदौर में शुक्रवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। विजय नगर थाना क्षेत्र में एक तीन मंजिल वाली बिल्डिंग में आग लग गई। शुरुआत में लगा कि ये शॉर्ट सर्किट का मामला है। लेकिन जब साक्ष्य इकट्ठे किए और सीसीटीवी फुटेज देखा, तो मामला कुछ और ही निकला। सीसीटीवी फूटेज के आधार पर पुलिस ने संजय उर्फ शुभम दिक्षित नाम के युवक की पहचान की। उसने इमारत के नीचे बैसमेंट में खड़ी स्कूटी में आग लगाई थी और इसी आग ने भीषण रूप लेते हुए पूरी इमारत को अपनी जद में ले लिया था। आग इतनी भीषण थी कि 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मूलतः झांसी का रहने वाला संजय इसी मकान में 6 महीने पहले किराए से रहता था। उसका वहीं पास में रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। घटना वाली रात भी संजय युवती से मिलने के लिए आया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और बाद में युवक गुस्से में अपनी प्रेमिका की स्कूटी में आग लगाकर भाग गया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में घटी घटना पर जांच के आदेश दिए थे। उन्होंने, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। शिवराज ने मौत की खबर पर दुःख जताया।