इंडेन गैस उपभाक्ताओं को मिल रही यह सुविधा, मिस्ड कॉल से बुक करा सकेंगे सिलेंडर

इंडेन ‘आईओसीएल’ गैस उपभोक्ताओं को कंपनी ने गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए सबसे आसान रास्ता उपलब्ध कराते हुए ‘मिस्ड कॉल’ से बुकिंग की व्यवस्था शुरू की है। आईओसीएल के संभागीय कार्यालय के चीफ मैनेजर स्वर्णसिंह ने बताया कि इंडेन गैस के ग्राहक अब एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 8454955555 पर एक मिस्ड कॉल दे सकते हैं।
इस सुविधा से अब ग्राहकों के समय की बचत तो होगी ही, साथ ही इसके लिए उन्हें किसी तरह का कोई शुल्क भी नहीं चुकाना पड़ेगा। इंडेन गैस यूजर्स ज्यादा से ज्यादा इस सुविधा का फायदा उठा सकें, इसके लिए तमाम डीलर्स को भी ग्राहकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अब तक आईवीआरएस (इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम) में कॉल के लिए सामान्य कॉल दर लगती है।नई सुविधा से आम गृहणियों और बुजुर्गों को अब बिना परेशानी के बुकिंग करने में ज्यादा सहजता महसूस होगी। चीफ मैनेजर सिंह के अनुसार मिस्ड कॉल सिस्टम के अलावा वाट्सएप से भी सिलेंडर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। वाट्सएप से बुकिंग करने के लिए उपभोक्ता को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से वाट्सएप पर REFILL लिखकर कंपनी के नंबर 7588888824 पर मैसेज भेजना होगा। साथ ही मौजूदा आईवीआरएस के नंबर 7718955555 पर IVRS/SMS के जरिए बुकिंग की व्यवस्था भी जारी रहेगी। इसके अलावा ग्राहक https://cx.indianoil.in पर लॉगिन करके भी इंडेन गैस बुकिंग करवा सकते हैं और इसके लिए ऑनलाइन पेमेंट भी कर सकते हैं।