उदयपुर जिले की परसाद थाना पुलिस को मंगलवार देर रात नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली जिसमें उदयपुर से अहमदाबाद की तरफ जा रही कार से पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की 24 पेटियां बरामद की। पकड़े गए माल की कीमत करीब डेढ़ लाख रूपए बताई जा रही है। पुलिस माल को खरीदने वाले के बारे में भी विस्तार से पूछताछ कर रही है। दो युवक भी गिरफ्तार किए गए, जो शराब की तस्करी कर गुजरात ले जा रहे थे।
थानाधिकारी रमेश चंद्र के नेतृत्व में उदयपुर-अहमदाबाद एनएच 8 पर पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान उदयपुर से आई एक कार की जांच की तो कार में विभिन्न ब्रांडों की शराब भरी हुई मिली। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों से पूछताछ की तो शराब को गुजरात तस्करी के लिए ले जाना बताया। पुलिस ने सलुंबर निवासी भंवर सिंह राजपूत और उदयपुर के सुखेर निवासी खेमसिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार से दो दर्जन अलग-अलग ब्रांड की पेटियां बरामद की है।