शोध में खुलासा, चीन से भारत में नहीं आया कोरोना वायरस, ये देश है जिम्मेदार

भारत में कोरोना वायरस चीन से नहीं आया है। ऐसा कहना है इंडियन इंस्‍टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc) के शोधकर्ताओं का। दरअसल, पूरी दुनिया में तहलका मचाने वाला कोरोना वायरस की उत्‍पत्ति चीन के वुहान शहर से बताई जा रही है। अमेरिका, ऑस्‍ट्रेलिया समेत कई देश चीन को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा चुके है। लेकिन शोधकर्ताओं ने भारत में आने के इसके सोर्स पर शोध की तो पाया कि ये वायरस चीन से नहीं बल्कि यूरोपीय संघ के देशों, खाड़ी देशों, दक्षिण एशियाई देशों और ओशनिया देशों (ऑस्‍ट्रेलिया और उसके आसपास का क्षेत्र) से भारत में आया है।

आईआईएससी के माइक्रोलॉजी एवं सेल बायोलॉजी विभाग के शोधकर्ताओं प्रोफेसर कुमारावल सोमसुंदरम, मेनक मंडल, अंकिता लवार्दे ने यह शोध किया है। जीनोमिक्‍स पर आधारित उनका शोध करंट साइंस में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं के अनुसार भारत में SARS-CoV-2 के 137 में से 129 नमूनों की जांच में पता चला है कि यह खास देशों के वायरस से मिलते-जुलते हैं। क्‍लस्‍टर A में भारतीय कोरोना वायरस के नमूने ओशनिया, कुवैत और दक्षिण एशियाई देशों के नमूनों के साथ मेल खाते हैं। वहीं क्‍लस्‍टर B में भारत के कोरोना वायरस के नमूने यूरोपीय देशों के नमूनों से अधिक मेल खाते हैं। यह शोध इस बात को दर्शाता है कि भारत में SARS-CoV-2 यूरोप, खाड़ी देशों, दक्षिण एशियाई देशों और ओशनिया क्षेत्र से आया है।

भारत में वायरस आने का मुख्‍य स्त्रोत चीन नहीं

137 में से 129 को छोड़कर अन्‍य नमूने चीन और पूर्वी एशिया के देशों के कोरोना वायरस सैंपल से मेल खाते हैं। यह दर्शाता है कि यह जानलेवा वायरस चीन और अन्‍य पड़ोसी देशों से भारत आने वाले पर्यटकों के जरिये भी आ सकता है। लेकिन शोध में इस दावे का पुरजोर समर्थन किया गया है कि भारत में इस वायरस के आने का मुख्‍य स्रोत यूरोप, ओशनिया, खाड़ी देशों और दक्षिण एशियाई देश ही हो सकते हैं।

पूरी दुनिया में बढ़ता कोरोना संक्रमण

बता दे, दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 1,36,000 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में कोरोना के ये सबसे ज्यादा केस हैं। भारत में भी इस महामारी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 9 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एक बार फिर से चेतावनी जारी की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेडरॉस अधनॉम ने कहा कि कोरोना वायरस से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दुनियाभर में कोरोना से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।

दुनिया में कोरोना वायरस के फिलहाल 71 लाख 36 हजार 366 केस सामने आ चुके हैं। जबकि, 4 लाख 6 हजार 807 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, भारत में कोरोना मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर 9 हजार 987 नए मामले सामने आए हैं और 266 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुल मरीजों की संख्या 2 लाख 66 हजार 598 हो गई है, जिसमें 7 हजार 466 लोगों की मौत हो चुकी है।