जोधपुर : IAS अधिकारी की बहू ने जहर खाकर दी अपनी जान, पुलिस कर रही आत्महत्या के कारणों की जांच

जोधपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा हैं जहां एक IAS अधिकारी की बहू ने जहर खाकर अपनी जान दे दी जिसकी शादी अभी 2 महीने पहले ही हुई हैं। घटना 1 जनवरी की है और महिला की मौत रविवार को अस्पताल में हुई। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। महिला ने घटना वाले दिन अपने पिता को फोन कर बोला था कि पेट में दर्द हो रहा है। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

रातानाडा थाना क्षेत्र के हाईकोर्ट कॉलोनी में आईएएस अधिकारी बीएल मेहरा का घर है, जो अजमेर में पोस्टेड हैं। उनके बेटे-बहू यहां रहते हैं। बेटा शिक्षा विभाग में लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद पर काम करता है। रातानाडा थाना अधिकारी मूल सिंह के अनुसार, आईएएस अधिकारी की बहू प्रियंका (25) ने 1 जनवरी को जहर खाया था। उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी को प्रियंका ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसके पेट में दर्द हो रहा है। उसका पीहर जोधपुर के शोभावतों की ढाणी में है। बेटी से बात करने के बाद पिता घर पहुंचे। उसकी हालत खराब थी, जिसे निजी अस्पताल लेकर गए थे। घटना के वक्त प्रियंका घर पर अकेली थी। प्रियंका की शादी पिछले साल ही 14 नवंबर को हुई थी। परिजनों के अनुसार, वैवाहिक जीवन में सब कुछ सही चल रहा था। इसके बावजूद प्रियंका ने 1 जनवरी को जहर खा लिया।