झारखंड : पत्नी के शक करने से परेशान होकर पति ने कर डाली गला दबाकर हत्या, जंगलों में फेंक दी लाश

झारखंड के हजारीबाग शहर के मटवारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया जहां एक पति अपने पत्नी के शक करने की आदत से इस कदर परेशान हो गया था कि उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर डाली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने औरंगाबाद के मुफस्सिल पुलिस की मदद लेते हुए उस जंगलों से आरोपी संजीव सिंह की मृतक पत्नी पूजा सिंह का शव भी बरामद कर लिया। आरोपी ने अपनी कार में लाश डालकर बिहार के औरंगाबाज जिले से सटे जंगलों में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी संजीव कुमार ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसका पैतृक घर आरा (बिहार) है। उसकी शादी समस्तीपुर में पूजा सिंह से वर्ष 2010 में हुई थी। उसकी दो बेटियां भी हैं। वर्तमान में वह हजारीबाग के मटवारी में अपने आवास में रहकर जनरल स्टोर की दुकान चलाता है। संजीव सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी पूजा उस पर बराबर किसी महिला के साथ होने का शक करती थी। इससे दोनों पति-पत्नी में अक्सर विवाद हुआ करता था। 22-23 सितंबर की रात जब खाना खाकर सभी सोने गए तो बेड पर भी शक जताते हुए पत्नी ने चर्चा शुरू कर दी। इससे तंग आकर गुस्से में संजीव ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।