उदयपुर के ओगणा थाना क्षेत्र के मोर मगरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। घटना से पहले युवक का पत्नी से झगड़ा हुआ था। घटना के बाद युवक की हत्या या आत्महत्या पर संशय बना हुआ हैं। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई। परिजनों की सूचना पर ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। सूचना पर परिजन घटनास्थल की ओर चढ़ोतरे को लेकर रवाना हुए तो पुलिस ने कस्बे के बाहर ही रोक दिया और समझाइश की। देर रात तक दोनों पक्षों में वार्ता चली। पुलिस के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ।
थानाधिकारी नाथू सिंह ने बताया कि कुकड़ा खेड़ा निवासी रामलाल पुत्र पूना गमेती की शादी थाना क्षेत्र के ही मोर मगरा (गालदर) निवासी वनिता से हुई। पिछले तीन सालों से युवक ससुराल में ही दुकान लगाकर रह रहा था और अधिकतर दुकान में ही सो जाता था। बुधवार रात दस बजे करीब युवक की पत्नी खाना लेकर दुकान पर गई, लेकिन दरवाजा बंद होने से लौट आई। बारह बजे तक युवक के नहीं आने पर वापस दुकान पर गई तो वहां एक युवती को देखा। इस पर पत्नी ने पति और युवती से झगड़ा किया। इसके बाद घर आ गई। इधर, पति भी पीछे-पीछे घर के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। गुरुवार सुबह अन्य ग्रामीणों ने युवक का शव पास ही पेड़ से लटका देखा। इधर, पत्नी ने ग्रामीणों की सहायता से पुलिस और ससुराल कुकड़ा खेड़ा सूचना दी। पुलिस ने शव को उतरवाकर मोर्चरी में रखवाया।