चेतावनी : पहली गोली हम नहीं चलाएंगे लेकिन चली तो जवाब दिया जाएगा : गृहमंत्री

भारतीय जवानों द्वारा पाकिस्तान का बंकर उड़ाए जाने के बाद भी पड़ोसी देश बाज़ नहीं आ रहा है। बीते कुछ दिनों से पाकिस्तान लगातार जम्मू कश्मीर के अरनिया सेक्टर, आर एस पुरा सेक्टर और अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे गांव में फायरिंग कर रहा है। वही बीएसएफ के एक समारोह में भाग लेने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने जवानों को कहा कि "कारण समझना कठिन है, ये रिसर्च का विषय हो सकता है, लेकिन वो (पाकिस्तान) अपनी हरकतों से बाज नहीं आता। पहली गोली तो पड़ोसी पर नहीं चलनी चाहिए, लेकिन अगर उधर से चल जाती है, तो क्या करना, उसका फैसला आपको करना है।" कार्यक्रम में राजनाथ ने कहा कि हमारा पड़ोसी शांति नहीं चाहता है। हम पहली गोली नहीं चलाएंगे लेकिन, गोली चलने पर उचित जवाब दिया जाएगा। गोली चलने पर हमारे जवानों को पता है कि उन्हें क्या करना है। जवाबी कार्रवाई पर जवानों से कोई कुछ नहीं पूछेगा।

पाकिस्तान का कोई धर्म नहीं

उन्होंने कहा है कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, इसलिए भारत द्वारा रमजान के दौरान सैन्य ऑपरेशन रोकने की पहल के बावजूद वह आम लोगों को लगातार निशाना बना रहा है। गृह राज्यमंत्री ने पाकिस्तान की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर रमजान के पवित्र महीने में सैन्य ऑपरेशन नहीं करने का फैसला लिया गया है, मगर पाकिस्तान अपना स्वभाव बदलने को तैयार नहीं है।

आठ महीने के एक बच्चे की मौत


सोमवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले में सीमा चौकियों और गांवों को मोर्टार के गोलों और छोटे हथियारों से निशाना बनाया जिससे आठ महीने के एक बच्चे की मौत हो गयी और एक विशेष पुलिस अधिकारी सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल थीं जिनमें एक महिला की भी आज मौत हो गई।