जयपुर : पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, पकड़ा गया स्मैक की सप्लाई करने वाला हिस्ट्रीशीटर

प्रदेश की राजधानी में नशे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा हैं जिसमें आज की युवा पीढ़ी अपना जीवन बर्बाद कर रही हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा ऑपरेशन क्लीन स्वीप चलाया जा रहा हैं और लगातार कारवाई की जा रही हैं। इसी के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली हैं जिसमें जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में नार्थ जिले की स्पेशल टीम ने नशे की सप्लाई करने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल डीसीपी नार्थ धर्मेंद्र सागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रिजवान कुरैशी उर्फ लल्ली (29) है। वह शटर वालों की गली, संजय बाजार जयपुर में रहता है।
आरोपी रिजवान कुरैशी माणकचौक थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जयपुर शहर के आठ से ज्यादा थानों में 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। नार्थ जिले की स्पेशल टीम के एएसआई हरिओम सिंह को सूचना मिली थी कि रिजवान जयपुर में खुद और अन्य स्मैक के लती लोगों की मार्फत शहर में विभिन्न जगहों पर स्मैक की सप्लाई करता है। ऐसे में रिजवान पर निगरानी रखनी शुरू कर दी।इस बीच उसे शहर में ग्राहकों को नशा बेचते हुए पुलिस ने धरदबोचा। पकड़ने वाली टीम में हैडकांस्टेबल सुरेंद्र पाल, कांस्टेबल बुद्धराम, कांस्टेबल कैलाशचंद शामिल रहे। पुलिस आरोपी रिजवान से पूछताछ कर रही है। उसके कब्जे से करीब 6।80 ग्राम स्मैक बरामद की है।