हिमाचल में भी लॉकडाउन, देश में कोरोना के कुल 428 मरीज

देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आई है। मरीजों की संख्या 428 हो गई है। कोरोना की चपेट में आकर अब तक 8 लोग जान गंवा चुके हैं। अकेले 24 घंटे में 50 से अधिक नए मरीज आए हैं और तीन मौतें हुई हैं। दिल्ली, राजस्थान, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस की वजह से 31 मार्च तक लॉकडाउन है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 16 जिलों को भी 25 मार्च तक लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन के बावजूद कई लोग सड़कों पर निकल रहे हैं और लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। इस पर पंजाब ने सख्त कार्रवाई की है। पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सरकार ने पूरे पंजाब में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।

पीएम मोदी ने देश के 80 जिलों में पूरी तरह से लॉकडाउन और यात्री रेल सेवा, बस सेवाओं को बंद करने के एक दिन बाद सख्त आदेश जारी किया गया है। अगर किसी ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। नियम तोड़ने वाले को 6 महीने की जेल हो सकती है।

हिमाचल में लॉकडाउन

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लॉकडाउन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के कारण अगले आदेश तक प्रदेश में लॉकडाउन जारी रहेगा।

पीलीभीत में एक और मामला

पीलीभीत में 45 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। कुछ दिन पहले ही महिला मक्का से उमरा कर आई थी। रिपोर्ट आने के बाद महिला को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। साथ ही उसके साथ लौटे 36 लोगों को भी क्वारनटीन किया गया है।

गुजरात में करोना वायरस के 11 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में कुल संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है।