जैसलमेर : इतने ओले गिरे कि रेगिस्तान में छाई सफेदी, अगले 3 दिन रह सकता है घना कोहरा

आज मंगलवार को राजस्थान के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई और जैसलमेर-जोधपुर क्षेत्र में इतने ओले गिरे कि रेगिस्तान में सफ़ेद चादर बिछ गई। जिले में मंगलवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी जीरा, ईसबगोल, रायड़ा, गेंहू व चने की फसल को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि मावठ फसलों के लिए फायदेमंद है, लेकिन ओलावृष्टि ने सारी मेहनत को नष्ट कर दिया। खेतों में खड़ी फसल फसलों को ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है।

बारिश और ओले गिरने से तापमान में भी गिरावट आई, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक पोकरण के गांव छाया, टोटा, अजासर और बरड़ाना में खेतों व मैदानी इलाकों में चारों तरफ ओले की सफेद चादर देखने को मिली। इससे पहले जैसलमेर, जोधपुर में सुबह से बादल छाए हुए थे और हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले 48 घंटों में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई है। इसके साथ ही 3 दिन राजस्थान के उत्तरी हिस्से में घना कोहरा छा सकता है। वहीं 1 जनवरी से राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ सकता है, क्योंकि उत्तरी भारत के राज्यों से शीतलहर चलने की संभावना है।