महाराष्ट्र में बारिश का कहर, 136 लोगों की हुई मौत; 200 से ज्यादा गांवों का प्रमुख इलाकों से संपर्क टूटा

महाराष्ट्र में गुरुवार शाम से लेकर अब तक बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश का कहर शनिवार को भी चालू है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। बुरी तरह प्रभावित ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों से 8 हजार से ज्यादा लोगों को NDRF, नेवी और आर्मी ने रेस्क्यू किया है। 200 से ज्यादा गांवों का प्रमुख इलाकों से संपर्क टूट गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के 6 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में पहले से ही भारी बारिश से हो रही है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान पश्चिमी तट पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इन 6 जिलों में NDRF की 18 टीमों को तैनात किया गया है। 8 टीमें अलर्ट पर हैं। 2 टीमें रायगढ़ में शुक्रवार को हुई लैंड स्लाइड वाली जगह पर रेस्क्यू में जुटी हैं। इसके अलावा रायगढ़ में नेवी और कोल्हापुर, रत्नागिरी में आर्मी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

रायगढ़ में भूस्खलन से 44 लोगो की हुई मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 44 हो गई है। शुक्रवार को तलाई गांव से 32 शव बरामद हुए, जबकि अन्य आसपास के गांव में मिले। प्रशासन ने यहां NDRF के साथ मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है। शहरी विकास और PWD मंत्री एकनाथ शिंदे रायगढ़ में हादसे वाली जगह पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि 80-85 लोग लापता हैं। माना जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। रायगढ़ में भूस्खलन के बाद महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे ने तिलये गांव का दौरा किया। उन्होंने कहा कि अब तक 33 शव बरामद किए गए हैं। 52 अभी भी लापता हैं। सुबह बचाव कार्य फिर से शुरू होगा। यहां अब तक कुल 32 घर तबाह हो गए हैं।

रत्नागिरी के पोलाडपुर तालुका के गोवेले पंचायत में गुरुवार रात करीब 10 बजे भूस्खलन हुआ। खबर है कि करीब 10 घर इसकी चपेट में आए हैं।। मौके से 6 शव बरामद किए गए हैं। 10 लोगों को बचा लिया गया है।

पाटन में लैंडस्लाइड के बाद 30 लोग लापता

सतारा के कलेक्टर शेखर सिंह ने बताया कि पाटन में लैंडस्लाइड के बाद 30 लोग लापता हैं। 300 लोगों को बचा लिया गया है। उधर, रत्नागिरी जिले के चिपलून में अपरांत हॉस्पिटल में शुक्रवार को पानी भरने से पावर सप्लाई ठप हो गई। इससे 8 मरीजों की मौत हो गई। इस हॉस्पिटल में कोरोना के मरीजों को इलाज चल रहा है। मरने वाले सभी लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से शुक्रवार को बात की और रायगढ़ में भारी बारिश एवं भूस्खलन के बाद उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि बारिश से प्रभावित कोंकण के पहाड़ी एवं भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और रायगढ़ जिले में लोगों की मृत्यु पर उन्होंने दुख जताया।

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य में बाढ़ से बिगड़ते हालात पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ शुक्रवार को चर्चा की। पवार के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि रक्षा मंत्री ने राहत एवं बचाव अभियानों में रक्षा बलों की मदद का आश्वासन दिया है।

मुहावजे का ऐलान

लैंडस्लाइड से जान गंवाने वालों के परिजन को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 5-5 लाख और केंद्र ने 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।