सीकर : शुद्ध के लिए फिर से तेज हुआ अभियान, चिकित्सा विभाग की टीम पहुंची दुकानों पर

दिवाली के आसपास चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा लगातार शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत कारवाई करते हुए सैंपल लिए गए थे और मिलावटी चीजों को नष्ट किया गया था। अब मकर संक्रान्ति का पर्व नजदीक आ रहा हैं तो फिर से चिकित्सा विभाग की टीम ने अभियान को तेज करते हुए कस्बे में मिठाई की दुकानों पर जाकर कार्रवाई की। हालांकि, दुकानों पर स्वच्छता, मिलावट को जांचा गया है। ​टीम ने कई जगहों पर जयपुर लैब में नमूने लेकर भिजवाए है। वहां से रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।
सीएमएचओ डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि त्योहार पर खपत को देखते हुए मिठाई बेचने वाले मिलावट करते है। ऐसे में विभाग की ओर से 8 जनवरी तक शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत सोमवार को विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा व मदन बाजिया ने लोसल कस्बे में कार्रवाई की। टीम ने लोसल के परमहंस मसाला उद्योग, महावीर बीकानेर रसगुल्ला भण्डार, लखदातार इंटरप्राइजेज व जोधपुर स्वीट होम पर जांच की। फूड सिक्योरिटी आफिसर यानि एफएसओ रतन गोदारा ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों पर व्यापारियों को साफ सफाई रखने, मिठाइयों पर बनाने की तारीख और खराब होने का समय लिखने, शुद्वता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।फिलहाल जांच के लिए मिर्च पाउडर के दो, धनिया पाउडर का एक, घी का एक और रसगुल्ला का एक सैम्पल जांच के लिए लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए जयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।