जोधपुर : आर्थिक तंगी के चलते फंदे पर झूला कारोबारी, पिछले साल ही खरीदा था आलीशान मकान

कोरोना के बाद से ही कई लोगों को आर्थिक परेशनियों का सामना करना पड़ रहा हैं।ऐसी ही एक समस्या का सामना कर रहे थे शहर के शिकारगढ़ स्थित नैनो मैक्स में रहने वाले एक हैण्डीक्राफ्ट व्यवसायी जिन्होनें आर्थिक तंगी से परेशान होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पता लगने पर उसे फंदे से उतार कर अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि बनाड़ के शिकारगढ़ स्थित नैनो मैक्स में रहने वाले प्रेम सिंह राजपूत ने अपने घर में रात को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घर में पता लगने पर उसे फंदे से उतार कर अस्पताल लाया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। सूचना पर बनाड़ पुलिस मौके पर पहुंची।

आज दोपहर में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस को मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल, पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। लेकिन बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह आर्थिक तंगी से परेशान था। उसने गत वर्ष ही इस कॉलोनी में आलीशान मकान खरीदा था। लॉकडाउन से उसका धंधा मंदा पड़ना शुरू हो गया। इसके बाद वह लगातार कर्ज में उलझता चला गया।