अलवर : बारिश के साथ मौसम ने लिया यू-टर्न, फसलों को पहुंचा ओलों से नुकसान

अलवर शहर में गुरुवार शाम को मौसम ने यू-टर्न लिया। शाम को अच्छी बारिश हुई और कुछ जगहों पर हल्के ओले भी गिरे। इससे पहले, सुबह से ही शहर पर बादल छाए हुए थे। दिन में एक-दो बार ही धूप निकली। लेकिन, शाम करीब सवा पांच बजे बारिश शुरू हो गई। दिन के समय भी एक-दो बार बूंदाबांदी हुई। करीब 15 मिनट की बारिश के दौरान छोटे आकार के ओले भी गिरे। जिससे कई जगहों पर फसलों को थोड़ा बहुत नुकसान भी हो सकता है।

शाम की बारिश जिले में कई जगहों पर हुई है। इस बारिश से फसलों को भी फायदा है। किसानों का कहना है कि जिले में सरसों व गेहूं की फसल सबसे अधिक है। फिलहाल दोनों में इस बारिश का फायदा है। जिले में कुछ जगहों पर सरसों की अगेती फसल है, जो जल्दी पकने वाली हैं। लेकिन, ओले गिरने से फसलों को नुकसान भी है। मौसम के जानकारों का कहना है कि बारिश होने से आगामी एक-दो दिन में सर्दी का असर थोड़ा बढ़ सकता है। लेकिन, अब फरवरी माह में सर्दी का असर रोजाना कम होता जा रहा है।