झारखंड : हैवानियत की हद हुई पार, नाबालिग लड़की के साथ किया गया सामूहिक दुष्कर्म

झारखंड के पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया जहां हैवानियत की हद पार हो गई। यहां नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने के पहले पुलिस ने आरोपी की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सिकीय जांच कराई। साथ ही पीड़िता को भी मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि दूसरे आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिरणपुर थाना क्षेत्र में एक आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत मिली जिसमें लड़की ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के यहां आई हुई थी जहां से शुक्रवार की देर शाम संजय मुर्मू नामक युवक उसे अपने साथ घुमाने के लिए ले गया गया और द्वारिका साहा नामक एक अन्य युवक के साथ मिलकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। जिसके आधार पर छापामारी कर देर रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।