जयपुर : लोन दिलाने के नाम पर बनाया शिकार, युवक से हुई 6 लाख रुपये की ठगी

प्रताप नगर थाना इलाके में लोन दिलाने के बहाने 6 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रताप नगर सेक्टर 19 निवासी लाली देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके अनुसार पीड़ित को गौरव और श्रीकांत नाम के युवकों ने एक कंपनी से लोन दिलाने की बात कही। इसके बाद दोनों ने लोन की फाइल बनाई और फाइल चार्ज व अलग अलग नाम से झांसा देकर खुदके खातों में करीब 6 लाख रुपए आरटीजीएस करवा लिये।
उन्होंने फर्जी लोन सेंक्शन लैटर और डीओ लैटर भी भेज दिया। जब पीड़ित ने लोन कंफर्मेशन के लिए उन्हें फोन किया तो आरोपियों ने उपासना टावर बुलाया। शाम 6 बजे तक इंतजार के बाद भी दोनों युवक ऑफिस नही पहुंचे और फोन भी बंद कर लिया। ठगी का अंदेशा होने पर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।