राजस्थान / सियासी घमासान में अब पूर्व CM वसुंधरा राजे की होगी एंट्री, BJP विधायकों से कल करेंगी मुलाकात

राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान में अब पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की एंट्री होने वाली है। खबर है की वसुंधरा राजे कल जयपुर आ सकती हैं। यहां वे बीजेपी विधायकों से मुलाकात कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि सुबह 11 बजे होने वाली बीजेपी विधायकों की बैठक में भी वे उपस्थित रहेंगी। जबकि सियासी खींचतान के बीच अब मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद तेज हो गई है। सचिन पायलट के डिप्टी सीएम पद से हटने के बाद अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) अपने हिसाब से अपनी टीम तैयार कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अब सीएम गहलोत को अपनी टीम चुनने के लिए फ्री हैंड अथॉरिटी होगी। गुर्जर विधायकों को मंत्री बनाकर पायलट इफेक्ट को बैलेंस किया जा सकता है।
राजस्थान घटनाक्रम पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भाजपा का रुख साफ है। उन्होंने कहा कि कोई भी जनाधार वाला आदमी पार्टी में आता है तो अच्छा ही है। शेखावत ने कहा कि आज हमारा कुन्बा इतना बड़ा हो गया है। जाहिर है कि अगर कोई आता है तो स्वागत होगा। आज राजस्थान के सीएम अपनी योजना में सफल हो गए हैं। बॉलीवुड में ट्रैंड है कि अगर इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को लगे की वो फिल्म नहीं चल पाएगी तो कोई प्रोपेगेंडा लगता है। ये ही राजस्थान में हुआ है। जनता के मामलों में सरकार विफल रही है।