अलवर : 8 माह की गर्भवती महिला ने फांसी लगा दी अपनी जान, ससुराल वालों पर लगे दहेज प्रताड़ना के आरोप

अलवर जिले के एनईबी के विजय नगर में तब सनसनी मच गई जब 8 माह की गर्भवती महिला ने फांसी लगा अपनी जान दे दी। इस मामले में पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना 6 सितंबर देर शाम की है। 7 सितंबर को परिजनों ने रिपोर्ट दी कि ससुराल वाले उनकी बेटी को पैसों के लिए परेशान करते थे और अब उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि महिला ने सोमवार देर शाम को घर के कमरे में ही फांसी लगा ली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अस्पताल में रखवाया था। सुबह पीहर पक्ष के लोग पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज के लिए परेशान व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि मृतका भारती जांगिड़ की शादी एनईबी के विजय नगर निवासी नरेश जांगिड़ के साथ 30 नवंबर 2020 में हुई थी। भारती 8 माह की गर्भवती थी। परिजनों ने रिपोर्ट दी कि उसका पति व परिजन आए दिन भारती से मारपीट करते थे। ससुराल वाले 10 लाख रुपए की मांग करते थे। भारती ने परेशान होकर ने फांसी लगाई है। ससुराल वालों का कहना है कि पति-पत्नी में थोड़ा बहुत झगड़ा था, लेकिन दहेज जैसी कोई बात नहीं है। बहू के आत्महत्या करने से वो भी हैरान हैं।

पति नरेश की पहली शादी राजगढ़ में हुई थी। पहली पत्नी केवल 5 महीने में उसे छोड़कर चली गई थी। उसने भी मारपीट करने की शिकायत दी थी। नरेश लॉकडाउन से पहले एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था, जो कोरोना में चली गई।