झारखंड: धनबाद के आशीर्वाद टावर में लगी भीषण आग, अबतक 10 लोगों की मौत, रेस्क्यू जारी

झारखंड के धनबाद में मंगलवार की शाम आशीर्वाद टावर में भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई है। जानकारी के मुताबिक इस घटना में अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। आशीर्वाद टावर शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के शक्ति मंदिर के पास है। दमकल की तमाम कोशिशों के बाद भी अब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आशीर्वाद टावर में करीब 50 लोग फंसे हुए हैं जिनमें बच्चे महिला बुजुर्ग शामिल हैं। बिल्डिंग में लगी आग दूर से ही दिख रही है।

स्थानीय पुलिस और प्रशासन लोगों को सुरक्षित निकालने में लगा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी संजीव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। आग कैसे लगी है, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इस मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

बता दें कि दो दिन पहले शहर के ही बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के हाजरा क्लीनिक में आग लगी थी। जिस घटना में 5 लोगों की दम घुटकर मौत हो गई थी। इसके बाद अब आशीर्वाद टावर में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है।