जयपुर : बड़ी चौपड़ पर लगी आग से मची अफरा-तफरी, आसमान में ऊपर तक उठी लपटें

जयपुर में बड़ी चौपड़ का एरिया व्यस्ततम इलाका माना जाता हैं। रविवार दोपहर यहां लोगों में तब अफरा-तफरी मच गई जब यहां अचानक आग लग गई। माणकचौक थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को संभाला और दमकल को सूचना दी गई। दमकल की एक गाड़ी ने कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया।
प्रांरभिक जानकारी के अनुसार मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन के पास बड़ी चौपड़ पर खाली जगह छोड़ी गई थी। यहां सौंदर्यीकरण के लिए फव्वारे लगाना जाना प्रस्तावित था। यह जगह करीब 30 फीट गहरी है। रविवार दोपहर को सफाई कर्मचारी यहां सफाई कर रहे थे। उन्होंने वहां दीवार के सहारे कचरा इकट्‌ठा कर दिया।बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने ज्योंही कचरे को जलाने का प्रयास किया। तभी अचानक यहां दीवार पर लगे ज्वलनशील केमिकल पेंट ने आग पकड़ ली। इसके बाद तेजी से आग की लपटें भभकी और आसमान में काफी ऊपर तक उठी। आग देखकर बड़ी चौपड़ से गुजर रहे राहगीर और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए। घटना का पता चलने पर मेट्रो के सुरक्षा कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।