इंडोनेशिया की जेल में लगी भीषण आग में गई 41 ड्रग्स कैदियों की जान, 39 झुलसे

इंडोनेशिया के बैंटन प्रांत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया हैं जिसमें एक जेल में इतनी भीषण आग लगी कि 41 ड्रग्स कैदियों की जान चली गई जबकि 39 कैदी झुलस गए। कानून और मानवाधिकार मंत्रालय के जेल विभाग की एक प्रवक्ता रीका अप्रिंती ने इसकी पुष्टि की है। जेलब्रेक और दंगों के कारण आग लगना इंडोनेशिया में आम है। यहां की जेलों में भीड़भाड़ भी एक समस्या बन गई है और जेलें फंड की कमी से जूझ रही हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग अवैध ड्रग्स के खिलाफ चलाए गए अभियान में गिरफ्तार हुए हैं।

तांगेरांग जेल पर नियंत्रण के लिए सैकड़ों पुलिस और सैनिकों को तैनात किया गया है। इस जेल को 1,225 कैदियों को रखने के लिए डिजाइन किया गया था, लेकिन इसमें 2,000 से अधिक कैदी हैं। अप्रिंती ने कहा कि आग लगने पर ब्लॉक सी 122 सजा पा चुके कैदियों से भरा हुआ था।

अप्रिंती ने कहा, 'आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।' उन्होंने कहा कि आग बुधवार तड़के एक से दो बजे के बीच लगी। अधिकारी अभी भी जेल को खाली कराने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ घंटों बाद आग पर काबू पा लिया गया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रवक्ता रीका अप्रिंती ने कहा कि अधिकारी अभी भी जकार्ता के बाहरी इलाके तांगेरांग जेल के ब्लॉक सी, जो ड्रग अपराधियों के लिए नामित है, वहां लगी आग के कारणों की जांच कर रहे हैं।