जोधपुर : धधकी हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री, आठ दमकलों ने मोर्चा संभाल पाया आग पर काबू

जोधपुर में बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग धधक गई। फैक्टी से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठ रही है। मौके पर आठ दमकलों ने आग को नियंत्रित करने का कार्य शुरू किया है।

बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में आज दोपहर शेखावटी आर्ट एक्सपोर्ट से धुएं का गुबार उठते देख क्षेत्र के लोग उस तरफ भागे। तब तक वहां कार्यरत कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी के उत्पाद बनाने वाली इस फैक्ट्री में आग बहुत तेजी से फैलना शुरू हो गई। इसके बाद कर्मचारी बाहर निकल आए। बोरानाडा के फायर स्टेशन से पहुंची दमकलों ने मोर्चा संभाल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की विकरालता को ध्यान में रख अन्य फायर स्टेशनों से दमकलों को बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण उठी चिंगारियों से लकड़ी के बुरादे ने आग पकड़ ली। इसके बाद यह तेजी से फैलना शुरू हो गई। फिलहाल पांच दमकल मिलकर आग बुझाने का प्रयास कर रही है। मौके पर भारी भीड़ के कारण एक बार दमकल कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया।

हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्रियों में लकड़ी से बने उत्पादों पर पॉलिश करने के लिए थिनर, सिलर व लैकर का उपयोग किया जाता है। ये सभी उत्पाद अत्यंत ज्वलनशील होते है। सभी हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री ने ये तीनों मौजूद रहते है। शॉर्ट सर्किट से लगी आग यदि इन तक पहुंच जाती है तो हालात बेकाबू हो जाते है। इसके बाद आग बहुत तेजी से फैलती है।