जोधपुर : पिता को समझाना बेटी को पड़ा भारी, लाठी से सिर फोड़ रेता चाकू से गला, हालत नाजुक

जोधपुर जिले के बनाड़ स्थित जाजीवाल गहलोतान गांव से शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक पिता की हैवानियत का नजारा देखने को मिला। पिता ने पारिवारिक विवाद में बेटी पर गुस्सा निकालते ही पहले तो लाठी से उसका सिर फोड़ डाला और फिर चाकू से गला रेत दिया। गंभीर रूप से जख्मी बेटी को परिजनों ने मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी की पत्नी ने केस दर्ज कराया है। वारदात के बाद पिता फरार हो गया था जिसे पकड़ लिया गया हैं और कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। चाकू व लाठी बरामद की जानी है। बेटी ने पिता को मां से झगड़े को लेकर समझाया था। इस बात को लेकर पिता ने आधी रात को बेटी पर हमला किया। सरोज का ससुराल एकता नगर बनाड़ में है। वह दो दिन पहले ही आई थी।

बनाड़ थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि जाजीवाल गहलोतान गांव की रहने वाली नैनादेवी जाट ने अपने पति हुकमाराम जाट के खिलाफ यह रिपोर्ट दी है। इसमें आरोप लगाया गया कि उसकी शादीशुदा पुत्री 32 साल की सरोज इन दिनों पीहर आई हुई थी। 26-27 की रात वह पड़ोस में खेत पर गई हुई थी। तब उसका पति हुकमाराम आया और नींद में सो रही उसकी पुत्री सरोज के सिर पर लाठी मारने के साथ चाकू से गला रेत दिया। थानाधिकारी ने बताया कि सरोज के सिर पर चोट व गले पर गहरा घाव के निशान है। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। होश में नहीं होने पर उसके बयान नहीं हो पाए है।