जोधपुर : दक्षिण अफ्रीका में है परिवार और पीछे से चोरों ने मारी घर में सेंध, उडाए जेवरात व नकदी

जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित सेक्टर 2 के एक मकान में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ हैं जिसमें परिवार दक्षिण अफ्रीका में है और इसके पीछे से चोरों ने सेंध मारकर जेवरात व नकदी उड़ा लिए। परिवार फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में है। गुरुवार सुबह पता लगने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने केस दर्ज किया और अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-2 के निवासी ब्रह्मदेव पुरोहित पुत्र सुखदेव ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी बहन दुर्गा छंगाणी का एक घर चौहाबो सेक्टर 2 में हैं। वह परिवार सहित दक्षिण अफ्रीका में हैं और घर की सार संभाल वे ही करते हैं। दिन में तीन चार चक्कर लगाते हैं। गुरुवार की सुबह वे आए तो घर के ताले टूटे मिले। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। अंदर जाने पर सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला। चोरों ने घर से चांदी की ठाकुरजी की मूर्तियां, गाय, हाथी, घोड़ा, चांदी के बर्तन, चार पांच पायजेब जोड़ियां, सिक्के, चांदी की गिलासें और सोने की बालियां, नथ, फीणियां और लगभग 40 हजार की नकदी चुराई। ब्रह्मदेव ने अपनी बहन से बात की तो उक्त सामान चोरी होने का पता लगा।