अमेरिका के नैशविले में क्रिसमस की सुबह धमाके से दहशत फैल गई। यहां टेनेसी इलाके में हुए धमाके में 3 लोग घायल हुए हैं। तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। शुरुआती जांच के बाद इसे किसी साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई है। इस इलाके में स्थित कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, टेनेसी में AT&T कम्युनिकेशन बिल्डिंग के सामने एक गाड़ी पार्क हुई थी। इस गाड़ी में अमेरिकी समयानुसार सुबह 6 बजे धमाका हो गया। पुलिस का मानना है कि ये धमाका जानबूझकर किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि टेनेसी की 166 2nd स्ट्रीट में स्थित इमारत के सामने धमाका हुआ है। आमतौर पर यह इलाका भीड़भाड़ भरा रहता है, लेकिन कोरोना और प्रतिबंधों के चलते क्रिसमस पर भी यहां भीड़ नहीं थी। काफी सुबह धमाका होने की वजह से भी लोग नहीं थे।
नैशविले के पुलिस प्रवक्ता डॉन अरोन ने कहा कि इस गाड़ी के इमारत के सामने खड़े होने के बाद ही संदेह हो गया था। इसके बाद अफसर ने बॉम्ब स्क्वॉड को फोन किया। दस्ता रास्ते में ही था कि धमाका हो गया।
डॉन अरोन ने कहा, 'यह धमाका जोरदार था, जैसा कि आप देख सकते हैं। पुलिस विभाग और संघीय एजेंसियां, एफबीआई और एटीएफ की ओर से बड़े स्तर पर जांच की जा रही है। हम मानते हैं कि इस विस्फोट को जान-बूझकर अंजाम दिया गया है।'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 911 पर एक व्यक्ति ने कॉल करके फायरिंग की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस वहां पहुंची तो ऐसा कुछ नहीं था। जब पुलिस यहां छानबीन कर रही थी। पुलिस लोगों से स्पीकर्स पर इलाके को खाली करने की अपील कर रही थी। इसी दौरान यह धमाका हो गया। एफबीआई के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एंड्र्यू मैककेबे ने कहा कि इतने बड़े विस्फोट को देखते हुए इसकी जांच संभावित आतंकी हमले के तौर पर की जा सकती है।