कोरोना के इस दौर में कई पेरेंट्स ने अपने बच्चों का नाम स्कूल से कटवा दिया हैं और अब फिर से उनका एडमिशन करवाया जाना हैं। इसी के साथ कई बच्चों के पेरेंट्स भी उनका स्कूल बदलने पर विचार कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ने स्कूलों में एडमिशन का शेड्यूल जारी किया हैं जिसके अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के स्टूडेंट्स सालभर कभी भी प्रवेश ले सकेंगे। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को हर हाल में 16 अगस्त तक एडमिशन लेना होगा। इसके बाद सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में दाखिला नहीं होगा। पिछले दिनों प्राइवेट स्कूल को एडिमशन लेने वाले स्टूडेंट्स की जानकारी देने के लिए पीएसपी पोर्टल पर 31 जुलाई तक सूचनाएं अपलोड करनी थी, लेकिन अब इस पोर्टल को फिर से खोला जाएगा। इस आशय के आदेश भी एक दो दिन में जारी हो जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सौरभ स्वामी ने बताया कि राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 31 जुलाई तक एडमिशन की तारीखें तय की गई थीं, लेकिन अब इसमें फेरबदल कर दिया गया है। 10वीं का रिजल्ट देर से आने के कारण डेट्स में बदलाव करना पड़ा है। जो स्कूल अब तक स्कूल नहीं गए हैं और जिन्होंने स्कूल जाकर छोड़ दिया है, उन्हें पूरे साल स्कूल में एडमिशन दिया जा सकेगा। यह एडमिशन क्लास एक से आठ तक होगा। शिक्षा विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि प्राइवेट स्कूल में भी कक्षा एक से आठ तक का एडमिशन साल भर होगा या नहीं।