झारखंड / पेड़ काट रहे युवक की ग्रामीणों ने की पिटाई, फोड़ दी एक आंख

दुमका के शिकारीपाड़ा क्षेत्र के इंदरबनी गांव में एक युवक की सोमवार को ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। युवक पेड़ काटकर लकड़ी चोरी कर रहा था। आरोपी की पिटाई के बाद गांव वालों ने उसकी एक आंख भी फोड़ दी और उसको बंधक बना लिया। दरअसल, ग्रामीणों को पेड़ काटकर ले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। यहां पेड़ काट रहे पांच में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बाकी भाग गए। पकड़े गए आरोपी की गांव वालों ने बुरी तरह से पिटाई कर दी। इसके बाद उसे आंगनबाड़ी में बंधक बनाकर रखा गया। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत डीएसपी नूर मुस्तफा अंसारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर आरोपी को कब्जे से मुक्त कराया और इलाज के लिए दुमका ले आए।

सूचना मिलने पर सुबह करीब 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते पुलिस खाली हाथ लौट गई। इसके बाद घटना की सूचना सीनियर अफसरों को दी गई। फिर डीएसपी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को छुड़ा कर दुमका ले आए।

जिस गांव वालों ने पकड़ा है वह शिकारीपाड़ा के ही सरायदाहा गांव का रहने वाला है। युवक का नाम राजकुमार गोराई है। राजकुमार ने बताया कि उसके साथ बोड़ो जो कलहापानी गांव का रहने वाला है एवं उसके साथ 4 मजदूर भी थे। इन लोगों ने मिलकर बीते रात को इंदरबंनी गांव से लकड़ी काटी थी। ग्रामीणों को इसका पता लगते ही उसे पकड़ लिया गया और उसके साथ मारपीट कर बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके अन्य साथी भाग गए।