अब सैनिटाइज किए जा सकेंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, नोट और कागज, DRDO ने तैयार किया ये खास कैबिनेट

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, नोट और कागज को सैनिटाइज करने के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने एक स्वचालित एवं सम्पर्करहित ‘अल्ट्रावायलेट सैनिटाइजेशन कैबिनेट’ विकसित किया है। रक्षा मंत्रालय ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि डिफेंस रिसर्च अल्ट्रावायलेट सैनिटाइजर (डीआरयूवीएस) प्रणाली कैबिनेट में रखी चीजों पर 360 डिग्री से पराबैंगनी किरणें (अल्ट्रावायलेट रेज) डालता है। एक बार सैनिटाइज (संक्रमणमुक्त) हो जाने पर प्रणाली स्वयं बंद हो जाती है, इसलिए इसे संचालित करने वाले को उपकरण के पास इंतजार करने या खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ती। DRDO ने ऐसे समय में यह कदम उठाया है जब देश कोरोना वायरस से निजात पाने का प्रयास कर रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि इसे डीआरडीओ (DRDO) के रिसर्च सेंटर इमारत (आरसीआई) द्वारा विकसित किया गया है और यह संपर्क में आए बिना ही कार्य करता है जो कि इस वायरस के प्रसार के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

ये चींजें होगी संक्रमणमुक्त

मंत्रालय ने कहा कि डीआरयूवीएस को मोबाइल फोन, आईपैड, लैपटॉप, नोट, चेक, चालान, पासबुक, कागज, लिफाफा आदि को संक्रमणमुक्त करने के लिए डिजाइन किया गया है।

बता दे, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 67 हजार 161 हो गई है। रविवार को एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 4296 नए मरीज सामने आए। सबसे ज्यादा 1668 लोग ठीक भी हुए। महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 1943 मरीज बढ़े हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 22 हजार के पार हो गई। उधर, तमिलनाडु में 669 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। यहां अब 7204 संक्रमित हैं। यह दिल्ली को पीछे छोड़कर तीसरा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य हो गया है। गुजरात 8195 संक्रमितों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा दिल्ली में 381, मध्यप्रदेश में 157, राजस्थान में 106, प. बंगाल में 153, पंजाब में 61, बिहार में 62 पॉजिटिव मिले।