दिल्ली : कनॉट प्लेस में आधी रात को बिना डरे दौड़ीं 200 महिलाएं

रविवार आधी रात को यूनाइटेड सिस्टर फाउंडेशन और नई दिल्ली जिला पुलिस की ओर से ‘द फियरलैस रन Fearless Run’ नामक एक दौड़ का आयोजन हुआ। इसमें संयुक्त आयुक अजय चौधरी के अलावा एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल व कई अन्य लोग मौजूद रहे। आधी रात को करीब पांच किलोमीटर की इस पिंकाथोन दौड़ में लगभग 200 महिलाओं ने भयमुक्त होकर हिस्सा लिया। आयोजकों का कहना था इस दौड़ का आयोजन महिलाओं में असुरक्षा की भावना को समाप्त करके उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना था, दौड़ के आयोजन से निश्चय ही महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा। पिंकाथोन में कई जानी मानी हस्तियां, दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी व अन्य लोगों ने दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ का आयोजन राजीव चौक मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-6 से किया गया। देर रात करीब 12.30 बजे तक दौड़ चली।

संयुक्त आयुक्त अजय चौधरी ने बताया कि आधी रात को दौड़ आयोजित करने का मकसद महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना था। महिलाओं को लेकर हमें अपनी मानसिकता बदलना होगी। देश की राजधानी में आधी रात को महिलाएं घर से निकलने के बारे में कई बार सोचती हैं। इन हालात के लिए कहीं न कहीं हम ही जिम्मेदार हैं। महिलाएं क्या पहनती हैं, कब और कहां निकलती हैं, इसके लिए हमें अपनी सोच को बदलना होगा। महिलाओं से यही डर निकालने के लिए दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ के माध्यम से संदेश देने का प्रयास किया गया कि महिलाएं निडर हैं और अब वह बिना डरे आधी रात को भी दौड़ सकती हैं।