कोरोना के बढ़ते कदम, दिल्ली-NCR में संक्रमितों की संख्या हुई एक लाख के पार

भारत में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 85 हजार 792 हो गई है। मंगलवार को 18 हजार 256 नए मरीज सामने आए। वहीं, 12 हजार 565 लोग स्वस्थ हुए। इस दौरान 506 लोगों की संक्रमण से जान गई। आपको बता दे, दिल्ली-एनसीआर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख को पार कर गया है। दिल्ली में मंगलवार को कोरोना के 2,199 नए मामले सामने आए। इस दौरान 62 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 87,360 हो गए हैं, जबकि 2,742 लोगों की जान जा चुकी है। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम को जोड़ ले तो संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख को पार कर जाता है। अकेले एनसीआर में जितने कोरोना केस हैं, उतने 215 में 196 देश में नहीं हैं।

दिल्ली में कोरोना के एक्टिव केस 26 हजार 270 हैं। 16 हजार 240 कोरोना मरीज होम आइसोलेशन में हैं। पिछले 24 घंटे में 9 हजार 585 RTPCR टेस्ट हुए हैं, जबकि 7 हजार 592 एंटीजेन टेस्ट हुए हैं। दिल्ली में अब तक कुल 5 लाख 31 हजार 752 टेस्ट हुए हैं। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 440 हो गई है।

वहीं, नोएडा में कुल मरीजों की संख्या 2 हजार 305 है, जिसमें 1 हजार 506 मरीज ठीक हो चुके हैं और 22 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 776 है।

गाजियाबाद में 1 हजार 614 केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 667 ठीक हो गए है और 55 लोगों की मौत हो चुकी है। गाजियाबाद में अभी 896 एक्टिव केस है।

फरीदाबाद की बात करे तो अब तक कोरोना के 3 हजार 731 केस सामने आ चुके है। इसमें 2 हजार 401 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 77 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या 1 हजार 253 है।

गुरुग्राम में 5 हजार 347 केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 3 हजार 961 ठीक हो चुके हैं और 91 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या 1 हजार 289 है।

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में कुल मरीजों की संख्या 1 लाख 357 है। पूरी दुनिया में कोरोना के अब तक 215 देशों को प्रभावित किया है। जिसमें से 196 देशों में कुल कोरोना केस की संख्या एक लाख से कम है।