फरीदाबाद: एक दर्जन झुग्गियों में लगी भीषण आग, दो मासूमों की दर्दनाक मौत

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में शनिवार सुबह पल्ला इलाके के टीटू कॉलोनी में अचानक लगभग एक दर्जन झुग्गियों में आग लग गई। इस हादसे में झुग्गी में सो रहे दो मासूम आग की चपेट में आ गए। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया है और मामले जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे झुग्गी में सो रहे थे। उनकी मां पास में ही किसी काम से गई थी। वापस लौटी तो झुग्गी धु - धु कर जल रही थी। इसके बाद लोगों ने झुग्गी में सो रहे अपने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थी कि वह झुग्गी में अंदर नहीं जा सके। धीरे-धीरे आसपास के एक दर्जन झुग्गियों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में झुग्गी में सो रहे एक 3 साल के और एक 5 साल के दोनों मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि पल्ला इलाके की टीटू कॉलोनी में झुग्गियों में आग लगी है। इसकी सूचना के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो लगभग एक दर्जन झुग्गियां जलकर खाक हो चुकी थी और उसमें फंसे दो मासूमों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों के बारे में स्पष्ट नहीं हो पाया है।जानकारी के मुताबिक, बच्चे की मां ने सुबह छोटे सिलेंडर पर चाय बनाई थी। उसके बाद चूल्हे पर खाना बनाया और घर से कुछ दूर सामान लेने के लिए चली गई। जैसे ही वह 5 मिनट बाद लौटी तो सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही।