क्या दिल्ली में एक बार फिर लगेगा लॉकडाउन?, स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन ने दिया ये जवाब

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते कदम ने एक बार फिर से लोगों में दहशत कायम कर दी है। वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं। क्या दिल्ली में फिर से लॉकडाउन (Lockdown) लगाया जा सकता है? क्या बाज़ार बंद करने का कदम उठाया जा सकता है? इन्हीं सब सवालों को देखते हुए आज दिल्ली सरकार (Delhi Government) के स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन ने बड़ा बयान दिया है।

न्यूज18 इंडिया की खबर के अनुसार लॉकडाउन से जो फायदा लेना है वो मास्क से भी लिया जा सकता है। इसकी वजह वैज्ञानिक है। सबसे कम पॉजिटिविटी हॉस्पिटल के स्टाफ को है। क्योंकि वो प्रोटेक्शन ले रहे हैं। इसलिए लॉकडाउन लगाने का कोई चांस नहीं है।

बता दे, दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 3,235 नए मामले सामने आए। अब राजधानी में कोविड-19 मरीजों की संख्‍या बढ़कर 4.85 लाख से अधिक हो गई। इस दौरान 95 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो जाने से मृतक संख्या बढ़कर 7,614 हो गई।

दिल्ली में क्या बाजार बंद किये जा सकते हैं? इस सवाल के बारे में स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन का कहना है, देखिए इसके बारे में कोई समीक्षा नहीं की गई है। अब फेस्टिवल जा चुके हैं। भीड़ कम हो जाएगी। फिर भी मैं कहूंगा थोड़ा डर रखिये और मास्क ज़रूर लगाएं। वैसे दिल्ली में तीसरी वेव निकल चुकी है। पहली वेव जून, दूसरी सितंबर और तीसरी वेव अभी आयी थी। तीसरा पीक जा चुका है। पॉजिटिविटी 15% आयी थी वो दोबारा नहीं आएगी। आज मैं कह सकता हूं पीक जा चुका है।

छठ पूजा पर दिया यह तर्क

नियम और कड़े करने की बात पर सतेन्द्र जैन ने कहा कि मास्क ना लगाने वालों और सोशल डिस्टेंसिग का पालन ना करने वालों पर और सख्ती की जाएगी। बीते दिनों 45 करोड़ रुपये के चालान किये गए हैं। वहीं उन्होंने कहा कि छठ पूजा में सबको एक साथ तालाब में उतरना होता है। अगर 5 लोग पॉजिटिव हुए तो सब पॉजिटिव हो जाएंगे। इतना बड़ा रिस्क नहीं ले सकते।

आपको बता दे, दिल्ली में सार्वजनिक जगह पर छठ पूजा का आयोजन न करने का निर्देश दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि सभी अपने घरों में ही छठ पूजा करें।

उधर, दिल्ली में कोविड-19 (Covid-19) के मामलों में हाल में हुई बढ़ोतरी से निपटने के लिए केंद्र ने ऐलान किया है कि वह जल्द ही 300 अतिरिक्त आईसीयू बिस्तर उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा दिल्‍ली में हर रोज होने वाले आरटीपीसीआर जांच की संख्या भी दोगुनी की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि दिल्ली के नगर निगमों के तहत आने वाले कुछ अस्पतालों को समर्पित कोविड अस्पतालों में बदला जाएगा और मानव बल की कमी से निपटने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में अर्धसैनिक बलों के डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों को तैनात किया जाएगा। शाह ने कहा कि केंद्र अधिक जानें बचाने के लिए दिल्ली को ऑक्सीजन, ‘हाई फ्लो नेजल कैनुला’ और अन्य स्वास्थ्य उपकरण भी प्रदान करेगा।