दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल के हवाले से बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का ऑक्सीजन लेवल भी नीचे था। मंगलवार को सत्येंद्र जैन दिल्ली के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी कोरोना जांच भी की गई थी जिसकी रिपोर्ट आ गई है। सत्येंद्र जैन की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। सत्येंद्र जैन की हालत अभी स्थिर है। उन्हें इस वक्त बुखार है। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
ट्वीट कर दी अस्पताल में एडमिट होने की जानकारी
बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्री को कल रात से ही तेज बुखार था। साथ ही उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। सत्येंद्र जैन की तबीयत ज्यादा खराब होती देख उन्हें राजीव गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सत्येंद्र जैन ने खुद ट्वीट कर अस्पताल में अपने एडमिट होने की जानकारी भी दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि तेज बुखार और सांस लेने में आ रही दिक्कत के बाद मुझे अस्पताल में भर्ती किया गया है। मैं आपको ताजा जानकारी देता रहूंगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की सेहत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि आपने अपनी सेहत का ख़्याल किए बिना आप रात दिन 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहे। अपना ख़्याल रखें और जल्द स्वस्थ हों। आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने सत्येंद्र जैन के सेहत के बारे में जानकारी ली है।
बता दें कि पिछले सप्ताह अरविंद केजरीवाल का भी कोरोना टेस्ट हुआ था और उनकी कोरोना टेस्ट निगेटिव आई थी। आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को दिल्ली सरकार के आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया कि राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे के भीतर कोरोना के 1 हजार 647 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 42 हजार 829 पर पहुंच गई है। वहीं इस महामारी की चपेट में आकर कल 73 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा भी बढ़कर 1 हजार 400 पर पहुंच गया है।