दिल्ली चुनाव में AAP की हार के बाद आतिशी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को दिया इस्तीफा

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव का परिणाम कल, शनिवार, 8 फरवरी को घोषित किया गया। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा ने शानदार वापसी की और 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की। वहीं, सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी (आप) को करारी हार का सामना करना पड़ा। आप की हार के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने आज सुबह 11 बजे अपना इस्तीफा दिल्ली के राज्यपाल को सौंप दिया है। आम आदमी पार्टी के सभी दिग्गज नेता चुनाव हार गए हैं, जबकि आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत दर्ज की। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी अपने आवास से निकलकर राज निवास पहुंचीं और वहां उन्होंने अपना इस्तीफा एलजी को सौंप दिया। उल्लेखनीय है कि आतिशी ने पिछले साल सितंबर में अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला था। वे सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनी थीं।

कौन होगा दिल्ली का सीएम, जल्द होगा तय

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद, बीजेपी का आलाकमान मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर विचार कर रहा है। इसके लिए जल्द ही विधायक दल की बैठक बुलाने का प्रस्ताव है, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। सीएम पद के लिए जिन नामों की चर्चा हो रही है, उनमें पहला नाम प्रवेश वर्मा का है, जिन्होंने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है। हालांकि, अगर बीजेपी किसी सिख चेहरे को प्रमोट करती है, तो मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम सामने आ रहा है। इसके अलावा वीरेन्द्र सचदेवा का नाम भी मुख्यमंत्री पद के रेस में है।

ये नेता बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री

पूर्वांचल को साधने के लिए भाजपा नेता कपिल मिश्रा को दिल्ली की नई कैबिनेट में मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, एक महिला भी दिल्ली सरकार में मंत्री बनेंगी तो ऐसे में रेखा गुप्ता के नाम पर विचार किया जा रहा है। सीएम और मंत्रियों के नाम तय करने के लिए आज भी बैठकों का दौर जारी रहेगा। जनकपुरी से विधायक और भाजपा के पदाधिकारी आशीष सूद का नाम भी मंत्री पद के लिए लिया जा रहा है।