दिल्ली चुनाव: केजरीवाल की महिलाओं से अपील, कहा - पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 (Delhi Assembly Election 2020) के लिए वोटिंग आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में कुल 672 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दिल्ली के चुनावी दंगल में भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party), आम आदमी पार्टी (Aam Adami Party) और कांग्रेस (Congress) जोर आजमाइश कर रही है। वोटिंग शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्ली की जनता से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वोट डालने जरूर जाइये। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'वोट डालने ज़रूर जाइये, सभी महिलाओं से ख़ास अपील- जैसे आप घर की ज़िम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की ज़िम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलायें वोट डालने ज़रूर जायें और अपने घर के पुरुषों को भी ले जायें। पुरुषों से चर्चा ज़रूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।'

वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, 'दिल्ली की जनता से अपील है। लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लें अच्छी शिक्षा, चिकित्सा फ़्री बिजली पानी की सुविधा के लिए वोट दें। खुशहाल दिल्ली के लिए वोट दें।'

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने भी मतदान शुरू होने से पहले मतदाताओं को संदेश दिया है। अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, 'लोकतंत्र के महापर्व पर सभी दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं! आज सच्चे मन से अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए वोट करें। झाड़ू पर वोट करें।'

बताते चले कि मतदान की पूर्व संध्या के दिल्ली के मुख्यमंत्री व नई दिल्ली से AAP उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर परिवार सहित दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी सुनीता भी थीं।