दिल्ली / राममनोहर लोहिया अस्पताल के सीनियर डॉक्टर राजीव सूद कोरोना पॉजिटिव, घर पर रहेंगे क्वारनटीन

देश में भी कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 131868 हो गए हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। कोरोना वायरस से अब तक कुल 12319 लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं। दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के चलते स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। हॉस्पिटल स्टाफ और डॉक्टर भी संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने की वजह से कोरोना के शिकार हो रहे हैं।

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल (RML) के मेडिकल कॉलेज के डीन और यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड राजीव सूद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डॉक्टर राजीव सूद की रिपोर्ट शनिवार रात को आई है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उन्हें क्वारनटीन कर दिया गया है। राम मनोहर लोहिया दिल्ली वो अस्पताल है, जहां शुरुआती दौर से ही कोरोना मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।
राजीव सूद को हल्का बुखार है जिसकी वजह से वे घर पर ही क्वारनटीन रहेंगे। इसके साथ ही उनके संपर्क में आए परिजनों का भी कोरोना टेस्ट कराया जाएगा और उन्हें भी क्वारनटीन किया जा रहा है। अन्य लोगों की ट्रेसिंग भी की जा रही है।

इससे पहले आरएमएल की डॉक्टर कैंटीन में कुल 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। 20 लोगों की टेस्टिंग की गई थी। यह कैंटीन मुख्यतः रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए थी।बता दे, दिल्ली में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां अब तक इस वायरस से 208 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में 22 मई को 14 नए हॉटस्पॉट जोन बनाए गए थे। अब तक दिल्ली में कुल 92 हॉटस्पॉट दिल्ली में हैं।