दिल्ली दंगे में पुलिस पर पिस्टल तानने वाला मोहम्मद शाहरुख गिरफ्तार

दिल्ली हिंसा में हेड कांस्टेबल दीपक दाहिया पर पिस्टल तानने वाले शाहरुख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शारुख को यूपी के शामली से गिरफ्तार किया गया। हिंसा के दौरान शाहरुख की तस्वीर काफी चर्चित रही थी। शाहरुख ने न केवल पुलिस पर पिस्टल तानी थी बल्कि 8 राउंड फायर भी किया था। गिरफ्तारी के डर से बचने के लिए वह फरार हो गया था। बताया जाता है कि शाहरुख को जिम जाने का शौक है। उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। लेकिन शाहरुख के पिता पर ड्रग पैडलर होने का केस चल रहा है। उन पर कई केस दर्ज हैं। हाल ही में वो ज़मानत पर बाहर आये हैं। शाहरुख की उम्र 27 साल है और वह सीलमपुर के चौहान बांगड़ का रहने वाला है।

गौरतलब है कि दिल्ली के उत्तर-पूर्व इलाके में हुई हिंसा में दंगों में स्थानीय अपराधियों की बड़ी भूमिका रही है। ऐसे कई लोगों की पहचान भी की जा चुकी है और कई गिरफ्तार भी किये गए हैं। अपराधियों के यहां से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद हो रहे हैं जिनका जमकर इस्तेमाल हुआ। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 80 से ज्यादा लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। हिंसा करने वाले ज्यादातर लोग उत्तरी पूर्वी दिल्ली के ही रहने वाले हैं। अभी इन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है।

शाहरुख के परिवार में एक बड़ा भाई और मां-बाप हैं, लेकिन फिलहाल पूरा परिवार लापता है। जिनके बारे में कोई कुछ नहीं बता पा रहा।